गुजरात के साबरकांठा जिले में हिम्मतनगर-इडर हाईवे पर सोमवार, 21 सितंबर को तेज रफ्तार SUV ने अंबाजी जा रहे पदयात्रियों के समूह को टक्कर मार दी. हादसा डोलगढ़ पाटिया के पास हुआ. पुलिस और स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे में 12 श्रद्धालु घायल हुए हैं.

घायलों को हिम्मतनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक, एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे ICU में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य को उनके परिजन निजी अस्पतालों में ले गए.

साबरकांठा के पुलिस अधीक्षक पार्थराजसिंह गोहिल के अनुसार, वाहन चालक ने हाईवे पर पुलिस चेकपॉइंट के पास रुकने के संकेतों को नजरअंदाज किया और पदयात्रियों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसे हिरासत में ले लिया गया.

घटना से नाराज स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने वाहन को घेरकर उसमें आग लगा दी. पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे. हादसे में घायल श्रद्धालु पंचमहल और खेड़ा जिलों के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं.