इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) अहमदाबाद ने बिजनेस एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अपने दो वर्षीय ब्लेंडेड MBA कार्यक्रम के दूसरे बैच में प्रवेश की घोषणा की है. यह कार्यक्रम खास तौर पर कामकाजी प्रोफेशनल्स और उद्यमियों के लिए तैयार किया गया है.

कार्यक्रम छह टर्म में पूरा होगा. इसमें ऑनलाइन लाइव कक्षाओं के साथ अहमदाबाद कैंपस में तीन आमने-सामने के अध्ययन मॉड्यूल शामिल होंगे. कार्यक्रम की कुल फीस ₹21 लाख बताई गई है.

प्रवेश के लिए योग्यता

प्रवेश के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्य विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री या CA, CS, ICWA अथवा CMA जैसी समकक्ष योग्यता होनी चाहिए. न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं. तीन वर्षीय स्नातक डिग्री वाले उम्मीदवारों के लिए कम से कम तीन वर्ष का पूर्णकालिक कार्य अनुभव, जबकि चार वर्षीय स्नातक डिग्री वालों के लिए कम से कम दो वर्ष का पूर्णकालिक अनुभव जरूरी बताया गया है. अनुभव की गणना 31 मार्च 2027 तक की जाएगी.

उम्मीदवारों के लिए IIM अहमदाबाद की प्रथम चरण की प्रवेश परीक्षा देने का विकल्प भी रखा गया है.

पाठ्यक्रम और प्रमाणपत्र

पाठ्यक्रम में डेटा मॉडलिंग, सांख्यिकी, मशीन लर्निंग, वित्त, जोखिम प्रबंधन, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, जनरेटिव AI, एजेंटिक AI और सप्लाई चेन डिजिटाइजेशन जैसे विषय शामिल हैं. केस स्टडी, प्रोजेक्ट और व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिये छात्रों को डेटा-आधारित कारोबारी निर्णय लेने की तैयारी कराई जाएगी.

पहले वर्ष के बाद कार्यक्रम छोड़ने वाले विद्यार्थियों को बिजनेस एनालिटिक्स और AI में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा लेने का विकल्प मिलेगा. दोनों वर्ष पूरे करने वाले उम्मीदवार IIM अहमदाबाद के एलुमनी नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे.

IIM अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भरत भास्कर के अनुसार, उद्योग में AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ऐसे प्रबंधकीय पेशेवरों की जरूरत है, जो तकनीक और प्रबंधन—दोनों को समझते हों. इसी आवश्यकता को ध्यान में रखकर यह कार्यक्रम शुरू किया गया है.