गुजरात के पाटण जिले में अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे पर भारतीय सेना के चार हल्के विमानों ने लैंडिंग और टेकऑफ किया. यह अभ्यास ‘Wings of Valour and Unity Expedition’ के तहत किया गया, जिसे सेना की ‘Team Mountain Eagles’ ने संचालित किया.

दल में दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट विमान और दो फ्लेक्सिबल-विंग पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल थे. रिपोर्ट्स के अनुसार, विमानों ने कांडला एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद सांतलपुर क्षेत्र में बकुत्रा टोल प्लाजा के पास NH-754K के निर्धारित हिस्से पर लैंडिंग की. इसके बाद मौके पर ग्राउंड रिफ्यूलिंग और फिर टेकऑफ किया गया.

अभ्यास में भारतीय सेना, National Highways Authority of India (NHAI), स्थानीय प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय रहा. सुरक्षा के लिए हाईवे पर थोड़े समय के लिए यातायात नियंत्रित किया गया और ऑपरेशन पूरा होने के बाद सामान्य आवाजाही बहाल कर दी गई.

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसे सेना और NHAI के बीच समन्वय का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग केवल कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों के लिए नहीं, बल्कि रणनीतिक, आपातकालीन और रक्षा जरूरतों में भी उपयोगी हो सकते हैं.