गुजरात के जामनगर तालुका के नागहेड़ी गांव के पास GIDC क्षेत्र में स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने तड़के छापेमारी कर कथित तौर पर चल रहे विदेशी शराब के कारोबार का खुलासा किया. कार्रवाई में 10,409 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 37.21 लाख रुपये से अधिक बताई गई है.
अधिकारियों के अनुसार, शराब के अलावा दो ट्रक और मोटरसाइकिल समेत कुल पांच वाहन जब्त किए गए. जब्त सामान की कुल कीमत 1,37,58,491 रुपये बताई गई है. SMC ने मौके से दीपक उर्फ अटापटु जमनादास जेठवाणी और युवराजसिंह कालुभा चुडासमा को पकड़ा. रामको, काना मोढवाडिया, जीगो और इरफान कासम समेत नौ लोगों को फरार बताया गया है और उनकी तलाश की जा रही है.
कार्रवाई पंचकोशी बी डिवीजन क्षेत्र में हुई. इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. रविमोहन सैनी ने पंचकोशी बी के PSI एल.बी. जाडेजा समेत आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. विभागीय कार्रवाई का आधार स्थानीय पुलिस की कथित लापरवाही बताया गया है.
निलंबित कर्मियों में ASI धर्मेंद्रसिंह (धमभा) झाला, प्रदीपसिंह जाडेजा, हेड कॉन्स्टेबल राजदीपसिंह जाडेजा, निर्मलसिंह राठौड़, मेहुलभाई विसाणी, पोलाभाई ओडेदरा और मयुरसिंह जाडेजा शामिल हैं. धर्मेंद्रसिंह झाला का तबादला देवभूमि द्वारका और बाकी सात कर्मियों का तबादला सुरेंद्रनगर जिले में किया गया है.
