जामनगर में सरकारी कॉन्ट्रैक्टर से कथित तौर पर ऊंची ब्याज दर पर रकम वसूलने और धमकाकर अतिरिक्त भुगतान मांगने के मामले में पुलिसकर्मी समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रेमसुख डेलु की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है. इसमें सुरेंद्रनगर, जामनगर, द्वारका और राजकोट के पुलिस अधिकारी शामिल हैं.
शिकायतकर्ता 32 वर्षीय पुष्पराजसिंह घनश्यामसिंह राणा ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2024 में रेत की लीज के लिए उन्होंने तत्कालीन जामनगर सिटी ‘बी’ डिविजन थाने में तैनात पुलिसकर्मी अजयसिंह महावीरसिंह झाला से आंगड़िया के जरिए ₹35 लाख लिए थे. उनके अनुसार इस रकम के बदले ₹36.05 लाख चुका दिए गए. जून 2025 में वित्तीय जरूरत पड़ने पर कथित तौर पर 20 प्रतिशत मासिक ब्याज पर ₹15 लाख और लिए गए.
राणा का दावा है कि कुल ₹50 लाख के बदले नकद, ऑनलाइन लेन-देन और आंगड़िया के माध्यम से अब तक ₹1,05,02,000 का भुगतान किया जा चुका है.
₹2 करोड़ के दस्तावेज और चेक का आरोप
शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को अजयसिंह झाला समेत चारों आरोपी शिकायतकर्ता को धमकाकर वडोदरा ले गए और अदालत में ₹2 करोड़ उधार लेने से संबंधित तीन अलग-अलग नोटरीकृत दस्तावेज तैयार कराए. आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर ₹2 करोड़ के चेक लिए गए. चेक बाउंस होने के बाद कानूनी नोटिस भेजे जाने की बात भी शिकायत में कही गई है.
अन्य आरोपियों के नाम अजयसिंह जयेंद्रसिंह वाघेर, युवराजसिंह लालुभा झाला और दिव्यराजसिंह गंभीरासिंह वाघेर बताए गए हैं. शिकायतकर्ता ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी और रिश्तेदारों पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने WhatsApp चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और आंगड़िया रसीदें साक्ष्य के रूप में होने का दावा किया है.
SIT आरोपियों के घरों और संबंधित स्थानों पर जांच, लोगों के बयान तथा वित्तीय लेन-देन, चेक, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है. मामला BNS और नाणां धीरधार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
