गुजरात के राजकोट जिले में जेतपुर के पास पोरबंदर-भावनगर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दो उप-वयस्क सिंहणों की मौत हो गई. हादसा ढसा-जे‍टलसर ब्रॉडगेज रेलवे लाइन पर वावडी के पास हुआ, जो जेतपुर रेलवे स्टेशन से करीब छह किलोमीटर दूर है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रेन संख्या 59560 इस रेलखंड से गुजर रही थी, तभी दोनों सिंहणें ट्रैक पर आ गईं और उसकी चपेट में आ गईं. प्रारंभिक जानकारी में उनकी उम्र करीब दो से तीन वर्ष बताई गई है. टक्कर के बाद ट्रेन को घटनास्थल पर रोक दिया गया और रेल यातायात कुछ समय प्रभावित रहा.

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस तथा राजकोट और अमरेली वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. वनकर्मियों ने क्षेत्र को सुरक्षित कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया. घटना के कारणों और सिंहणों के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.

सौराष्ट्र क्षेत्र में रेलवे पटरियों पर सिंहों की मौत की घटनाओं को लेकर वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों और स्थानीय निवासियों ने फिर चिंता जताई है.