राजकोट जिले की जेतपुर तहसील में सोमवार, 23 नवंबर की रात ट्रेन की चपेट में आने से दो शेरनियों की मौत हो गई. हादसा जेतलसर-दाहसा ब्रॉडगेज रेलवे लाइन पर वावड़ी और खीरसरा स्टेशनों के बीच हुआ. उस समय भावनगर-पोरबंदर पैसेंजर ट्रेन (नंबर 59560) भावनगर से पोरबंदर जा रही थी.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे तीन शेर रेलवे ट्रैक के आसपास से गुजर रहे थे. ट्रैक पार करते समय लगभग तीन वर्ष उम्र की बताई जा रही दो शेरनियां ट्रेन की चपेट में आ गईं. तीसरा शेर घटनास्थल के आसपास मौजूद होने की आशंका है. वन विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी है.

हादसे के बाद ट्रेन को रोक दिया गया था. करीब एक से डेढ़ घंटे की देरी के बाद इसे दोबारा रवाना किया गया. वन विभाग, रेलवे पुलिस और जेतपुर तालुका पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. दोनों शेरनियों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों शेरनियां किस प्राइड का हिस्सा थीं और तीसरा शेर कहां है.

राजकोट के उप वन संरक्षक युवराजसिंह झाला ने कहा कि वन विभाग और रेलवे की मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इसी रेलवे ट्रैक के पास कुछ दिन पहले बकरी या भेड़ के मारे जाने की सूचना भी सामने आई थी. इससे क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही और रेलवे लाइन की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ी है.