गुजरात के राजकोट जिले के जेतपुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह मृतका हकूबेन परमार के अपने भतीजे के साथ कथित संबंधों को लेकर परिवार में चल रहा विवाद था. मामले में गिरफ्तार आरोपियों में दो बहनें, उनमें से एक का पति और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं.
11 नवंबर को जेतपुर तालुका के नवागढ़ रेलवे स्टेशन रोड के पास सुनसान स्थान पर हकूबेन का शव मिला था. शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस के अनुसार, फोरेंसिक पोस्टमार्टम में महिला की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद जेतपुर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 90 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली.
पुलिस के मुताबिक ऐसे रची गई साजिश
जांच में पुलिस के सामने आया कि हकूबेन के अपने भाई के बेटे रवि के साथ कथित संबंधों को लेकर परिवार के कुछ सदस्य नाराज थे. मृतका की भतीजियां राधाबेन और मधुबेन कथित तौर पर उन्हें रवि से दूरी बनाने के लिए समझाती थीं. पुलिस के अनुसार, इसी मुद्दे पर परिवार में पहले भी विवाद और कहासुनी होती रहती थी.
पुलिस का आरोप है कि दोनों बहनों ने मधुबेन के पति लक्ष्मण उर्फ लखा और भूपत वाघेला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. जांच के मुताबिक, हकूबेन को जूनागढ़ से रिक्शे में बैठाकर जेतपुर लाया गया. आरोप है कि उन्हें सोडा में जहरीली दवा मिलाकर पिलाई गई. जब इससे उनकी मौत नहीं हुई तो कुछ घंटे बाद उनकी ही चुनरी से गला घोंट दिया गया.
इसके बाद शव को नवागढ़ रेलवे स्टेशन रोड के पास सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया. पुलिस ने मामले में राधाबेन सैयद शेख, मधुबेन लक्ष्मण उर्फ लखा बावाजी, लक्ष्मण उर्फ लखा पीरुनाथ बावाजी और भूपतभाई पोपटभाई वाघेला को गिरफ्तार किया है.
मृतका के भाई अरविंदभाई वाघेला की शिकायत पर जेतपुर सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ कर उनकी कथित भूमिकाओं और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, हकूबेन मूल रूप से भावनगर जिले के पालिताना स्थित हथियाधार की रहने वाली थीं. मामले की जांच जारी है.
