गुजरात के जूनागढ़ में गिरनार जंगल के पास स्थित प्रेरणाधाम आश्रम में एक तेंदुआ कार्यालय के बाहर से कुत्ते को उठाकर जंगल की ओर ले गया. यह घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई गई है. CCTV फुटेज में तेंदुए को आश्रम के प्रवेश द्वार के पास आते और कुत्ते पर अचानक झपटते देखा गया.
फुटेज के अनुसार, तेंदुए ने कुत्ते को गर्दन से पकड़ा और कुछ ही क्षणों में उसे लेकर जंगल की दिशा में भाग गया. घटना के दौरान आश्रम परिसर में लोग मौजूद थे. तीन लोग पास की बेंच पर बैठे मोबाइल फोन देख रहे थे, जबकि कुछ अन्य लोग बातचीत कर रहे थे.
आश्रम के केयरटेकर राजभाई के अनुसार, वहां मौजूद लोगों को शुरुआत में घटना का पता नहीं चला. बाद में CCTV रिकॉर्डिंग की समीक्षा करने पर तेंदुए के आने और कुत्ते को ले जाने की पूरी घटना सामने आई.
गिरनार जंगल के नजदीक होने के कारण आश्रम क्षेत्र में समय-समय पर शेर और तेंदुए देखे जाने की बात सामने आती रही है. आमतौर पर इन वन्यजीवों की मौजूदगी देर रात या सुबह के समय देखी जाती है, लेकिन इस घटना में तेंदुआ शुरुआती शाम में ही परिसर के पास पहुंच गया. घटना के बाद आश्रम में रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है.
