जूनागढ़ शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने चंदनपार्क इलाके से एक बांग्लादेशी युवती को पकड़ा है. पुलिस ने उसे सूचना के आधार पर एक गली में कार्रवाई कर हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की.

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में युवती ने अपना नाम मिथिला बताया और खुद को नेपाल के काठमांडू की निवासी बताया. संदेह होने पर पुलिस ने उसकी पहचान और दस्तावेजों की आगे जांच की. जांच में उसके बांग्लादेश के नारायणगंज जिले की मूल निवासी होने और वास्तविक नाम खालिदा होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है.

दस्तावेजों में अलग-अलग पते का दावा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती ने भारत में कानूनी दस्तावेज हासिल करने के लिए अलग-अलग पते इस्तेमाल किए. पुलिस के मुताबिक, पहले महाराष्ट्र के नालासोपारा, फिर गुजरात के सूरत और बाद में जूनागढ़ का पता दर्शाकर सरकारी दस्तावेज बनवाए गए थे.

पुलिस के अनुसार, युवती पहले मुंबई के डांस बार में काम कर चुकी है. इसके अलावा उसने गुजरात के अलग-अलग जिलों में ब्यूटी पार्लर में भी काम किया था और हाल में अस्थायी काम कर रही थी. मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. दस्तावेजों और पहचान से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी.