जूनागढ़ जिले के मेंदरडा तालुका स्थित डेडकियाल गांव में तेंदुए के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. घटना 23 सितंबर की रात करीब 11 बजे की बताई गई है. बच्ची की पहचान प्रिशा के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ एक वाड़ी में रह रही थी और घर के सामने खेल रही थी.
परिजनों के अनुसार, इसी दौरान तेंदुआ बच्ची को उठाकर सोयाबीन के खेत की ओर ले गया. ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने खोजबीन शुरू की. करीब दो घंटे बाद बच्ची का शव खेत में मिला. घटना के बाद परिवार में शोक और ग्रामीणों में आक्रोश है.
मृतका के चाचा केतनभाई सोलंकी ने कहा कि परिवार की मांग है कि पहले तेंदुए को पकड़ा जाए, इसके बाद ही बच्ची का शव स्वीकार कर अंतिम संस्कार किया जाएगा. उन्होंने सरकार से 25 लाख रुपये की सहायता देने की मांग भी रखी. परिवार के एक अन्य रिश्तेदार परेशभाई ने कहा कि वे बच्ची के लिए न्याय चाहते हैं और तेंदुए के पकड़े जाने तक शव स्वीकार नहीं करेंगे.
वन विभाग ने लगाए 10 पिंजरे
डेडकियाल रेंज के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर एच.डी. गळचर के अनुसार, सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों के साथ समन्वय किया गया और देवळिया रेंज समेत आसपास की चार रेंजों का स्टाफ बुलाया गया. तेंदुए को पकड़ने के लिए 10 पिंजरे लगाए गए हैं. वन विभाग के 30 से 35 कर्मचारी अभियान में जुटे हैं.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम करीब दो घंटे बाद पहुंची. अधिकारी ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि स्टाफ पहले से खोजबीन में लगा था. उन्होंने परिवार से सरकारी नियमों के तहत मुआवजा और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है.
