गुजरात के गांधीनगर जिले की कलोल अदालत ने गोहत्या और मांस बेचने की कोशिश से जुड़े मामले में तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. अदालत ने प्रत्येक दोषी पर ₹3 लाख का जुर्माना भी लगाया.

मामला 22 अगस्त 2024 को जामला गांव में हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है. अभियोजन पक्ष के अनुसार, छापे के दौरान 277 किलोग्राम मांस, कथित तौर पर पशु काटने में इस्तेमाल हथियार और मांस ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वाहन बरामद किया गया था. इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था.

अदालत ने वसीम कुरैशी, मोहम्मद रफीक कुरैशी और अशफाक बहेलिम को दोषी पाया. अभियोजन पक्ष ने आरोप साबित करने के लिए 54 गवाहों और 18 दस्तावेजी साक्ष्यों को पेश किया.

फैसले में न्यायाधीश ने गाय के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए हिंदू धार्मिक ग्रंथों का संदर्भ दिया. गुजरात में 2017 के संशोधन के बाद गोहत्या के लिए उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है. राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने फैसले का स्वागत किया और पुलिस व अभियोजन पक्ष की कार्रवाई की सराहना की.