गुजरात के वडोदरा जिले के करजण तालुका में 5 रुपये की पुरानी नोटों के बदले 34 लाख रुपये मिलने का लालच देकर एक व्यक्ति से 1,06,400 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने वलण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
करजण तालुका के जूनी सायर गांव निवासी 42 वर्षीय महेंद्र माछी खेती का काम करते हैं. शिकायत के अनुसार, करीब 15 दिन पहले मोबाइल पर रील्स देखते समय उन्हें फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखाई दिया. इसमें 5 रुपये की एक पुरानी नोट के बदले 17 लाख रुपये देने का दावा किया गया था. महेंद्र के पास ऐसी दो नोटें थीं. उन्होंने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर WhatsApp के जरिए संपर्क किया और नोटों की तस्वीरें भेजीं.
इसके बाद 6 अक्टूबर को उन्हें WhatsApp कॉल आया. सामने वाले ने कहा कि दो नोटें लेने के लिए एक व्यक्ति आएगा और बदले में 34 लाख रुपये का पार्सल दिया जाएगा. पार्सल फीस के नाम पर भेजे गए QR कोड के जरिए महेंद्र से 750 रुपये जमा करा लिए गए.
7 अक्टूबर को ठगों ने फोन कर कहा कि पार्सल देने वाला व्यक्ति पकड़ा गया है और उसे छुड़ाने के लिए 25,500 रुपये देने होंगे. 8 अक्टूबर को फिर 53,000 रुपये की मांग की गई. शिकायत के मुताबिक, तीन दिनों में अलग-अलग ऑनलाइन लेनदेन के जरिए कुल 1,06,400 रुपये जमा करा लिए गए.
बाद में महेंद्र को ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस से शिकायत की. वलण थाने के पुलिस निरीक्षक पी.टी. चौधरी मामले की जांच कर रहे हैं.
