दशहरा और दिवाली की छुट्टियों से पहले केरल पर्यटन ने गुजरात समेत उत्तर भारत के राज्यों में प्री-सीजन अभियान शुरू किया है. इसके तहत B2B पार्टनरशिप मीट और रोडशो के जरिए केरल को छुट्टियां बिताने के प्रमुख विकल्प के रूप में पेश किया जा रहा है.
अभियान के तहत वडोदरा में एक पर्यटन B2B पार्टनरशिप मीट आयोजित हुई. इसमें केरल के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े करीब 40 हितधारकों ने वडोदरा के ट्रैवल ट्रेड प्रतिनिधियों से बातचीत की. बैठक में अलग-अलग हॉलिडे पैकेज और ऑफर पेश किए गए.
इन पैकेजों में छह रातों का भ्रमण शामिल है. यात्रियों को केरल के समुद्र तटों, बैकवॉटर, हिल स्टेशन, जंगलों और प्राकृतिक स्थलों से जुड़े अनुभव देने वाली गतिविधियों को पैकेज का हिस्सा बताया गया है.
पर्यटन क्षेत्र के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 के पहले तीन महीनों में केरल में घरेलू पर्यटकों की संख्या 2025 की समान अवधि की तुलना में 10.98 प्रतिशत बढ़ी. केरल के पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने कहा कि सितंबर से नवंबर के बीच घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ाना और राज्य को ‘एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म’ हब के रूप में विकसित करना अभियान का उद्देश्य है.
कई शहरों में होंगी B2B बैठकें
अहमदाबाद और वडोदरा के अलावा मुंबई, पुणे, दिल्ली, जयपुर, सूरत और नागपुर में भी सितंबर से नवंबर के बीच B2B बैठकें प्रस्तावित हैं. अभियान का प्रचार टीवी, सोशल मीडिया, प्रिंट और रेडियो के माध्यम से किया जा रहा है.
केरल पर्यटन के अनुसार, 24 से 27 सितंबर तक Kerala Travel Mart 2026 का आयोजन होगा. इसमें गुजरात समेत अन्य राज्यों के ट्रैवल ट्रेड प्रतिनिधियों को राज्य के नए पर्यटन उत्पादों और अनुभवों की जानकारी देने पर जोर रहेगा.
