गुजरात के जूनागढ़ जिले में रविवार, 22 नवंबर की सुबह हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई. हादसा केशोद-बालागाम रोड पर खमिधाना गांव के पास करीब सुबह 5 बजे हुआ.
पुलिस के प्रारंभिक विवरण के मुताबिक, लाल रंग की Swift कार जूनागढ़ से माधवपुर की ओर जा रही थी. तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. कार सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई.
कार में कुल चार लोग सवार थे. दो पुरुषों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. चौथी यात्री एक युवती हादसे के दौरान वाहन से बाहर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई. उसे 108 एंबुलेंस से केशोद सरकारी अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, वह सदमे में है और उसका इलाज चल रहा है.
आग लगने से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी 112 की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी में मृतकों में से एक का नाम डेनिस सामने आया है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
