गुजरात के सूरत जिले के कोसंबा में करीब चार साल पुराने एक हत्याकांड की जांच के दौरान तीन महिलाओं की कथित हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने माधवदास भक्तिराम साधु और उसकी पत्नी उर्मिलाबेन उर्फ जया को गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस घटनाओं और बरामद साक्ष्यों की जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, माधवदास ने शुरुआत में अपनी पत्नी और उसके एक रिश्तेदार पर अपनी दादी सास शांताबेन गंभीरभाई वसावा की हत्या का आरोप लगाया था. उसने यह भी बताया था कि शव घर के भीतर सीमेंट के नीचे दबा है. हालांकि, जिस रिश्तेदार का नाम लिया गया था, उसके खिलाफ पूछताछ में कोई ठोस सबूत नहीं मिला. इसके बाद जांच का रुख माधवदास की ओर हुआ.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसके बयानों में विरोधाभास सामने आए. इसके बाद उसने कथित तौर पर उर्मिला के साथ मिलकर शांताबेन की हत्या करने की बात स्वीकार की. आरोप है कि 7 अक्टूबर 2022 की रात सोते समय तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या की गई. शव को ड्रम में रखकर उसमें सीमेंट और पानी भरकर सील कर दिया गया. करीब साढ़े तीन महीने बाद ड्रम से जुड़े अवशेषों को घर के आंगन में खोदे गए गड्ढे में दफना दिया गया और ऊपर सीमेंट की परत बना दी गई.

खुदाई में मिले मानव अवशेष

पुलिस, FSL अधिकारियों, मेडिकल टीम और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में करीब चार से पांच फीट तक खुदाई कराई गई. वहां सीमेंट से दबा ड्रम मिला. ड्रम तोड़ने पर मानव अवशेष, खोपड़ी, हड्डियां और बाल बरामद होने की जानकारी दी गई है. कपड़ों और कंगन के आधार पर परिजनों ने अवशेषों की पहचान शांताबेन के रूप में की, लेकिन पुलिस ने इन्हें FSL और DNA जांच के लिए भेजा है.

जांच में पुलिस को दो अन्य महिलाओं की मौत की जानकारी भी मिली. पुलिस के मुताबिक, इनमें माधवदास की मां मंजुलाबेन भक्तिराम साधु और उर्मिला की बहन भारतीबेन उर्फ भगवती कमलेशभाई वसावा शामिल हैं. आरोप है कि 19 जुलाई 2022 को लकवे से पीड़ित मंजुलाबेन की और 25 फरवरी 2022 को टीबी से पीड़ित भारतीबेन की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की गई. दोनों मौतों को बीमारी या स्वाभाविक मृत्यु बताकर अंतिम संस्कार किए जाने का दावा जांच में सामने आया है.

पुलिस संपत्ति और कीमती सामान से जुड़े संभावित उद्देश्य समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. तीनों मौतों में आरोपियों की भूमिका की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट, DNA परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.