अदाणी एंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी कच्छ कॉपर ने गुजरात के मुंद्रा स्थित अपने तांबा संयंत्र के विस्तार और डीकार्बोनाइजेशन की योजना बताई है. कंपनी की मौजूदा क्षमता 5 लाख टन प्रति वर्ष है, जिसे बढ़ाकर 10 लाख टन प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है.

कंपनी के अनुसार, इस विस्तार के बाद संयंत्र दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-लोकेशन कस्टम कॉपर स्मेल्टर बन सकता है. परियोजना के पहले चरण में करीब 1.2 अरब डॉलर के निवेश से 5 लाख टन सालाना क्षमता विकसित की गई थी. दूसरे चरण में इतनी ही अतिरिक्त क्षमता जोड़ने की योजना है.

डीकार्बोनाइजेशन रोडमैप के तहत कच्छ कॉपर अपने परिचालन में 115 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा शामिल करने की तैयारी कर रहा है. इसका उद्देश्य उत्सर्जन घटाने के साथ पानी और ऊर्जा संसाधनों की दक्षता बढ़ाना है.

कंपनी ने इससे पहले कहा था कि मुंद्रा परियोजना को दो चरणों में 10 लाख टन सालाना क्षमता तक ले जाया जाएगा. तांबा इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युतीकरण से जुड़े उपकरणों में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख धातु है.