गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को हुए सड़क हादसे में सात कामगारों की मौत हो गई. हादसा खावड़ा स्थित आरी पार्क क्षेत्र में पुलिस चेकपोस्ट से आरी पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कामगारों से भरी बोलेरो को एक ट्रक या बल्कर ने टक्कर मार दी. शुरुआती जानकारी में वाहन में 15 से अधिक कामगारों के सवार होने की बात सामने आई है. टक्कर के बाद बोलेरो में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य कामगार घायल हुए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्छ हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच की जा रही है. घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
