कच्छ जिले में पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने शराबबंदी से जुड़े मामलों में वांछित बताए जा रहे रासुभा उर्फ रासियो तगजी सोढ़ा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहा था और उसके खिलाफ नौ मामलों में कार्रवाई लंबित थी.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए खानाय क्षेत्र के दुर्गम जंगल में 15 दिन तक ‘ऑपरेशन खोज’ चलाया गया. टीम ने वर्दी के बजाय मालधारी और स्थानीय ग्रामीणों का वेश अपनाकर इलाके में निगरानी की. शुरुआती करीब 10 दिनों तक आरोपी का पता नहीं चला. बाद में मिले गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई.
झाड़ियों की आड़ लेकर करीब पहुंची टीम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक कच्चे आश्रयस्थल के पीछे भोजन करने के बाद आराम कर रहा था. उसके भागने की आशंका को देखते हुए टीम ने लगभग 200 मीटर की दूरी से झाड़ियों और घास की आड़ लेते हुए जमीन पर रेंगकर उसके पास पहुंचने की रणनीति अपनाई. पुलिस का दावा है कि आरोपी हथियार उठाकर प्रतिरोध कर पाता, उससे पहले ही टीम ने उसे पकड़ लिया.
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पुलिस से बचने के लिए हर दो रात में ठिकाना बदलता था और कंटीले जंगल को अपनी सुरक्षा के लिए इस्तेमाल करता था. कार्रवाई LCB के PI ए.एम. मकवाणा, PSI जे.बी. जादव और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने की.
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नलिया, नखत्राणा, मुंद्रा, मानकुवा, दयापर, पध्धर, प्रागपर, भुज बी-डिविजन, अंजार, भचाऊ और वायोर थानों में शराबबंदी से जुड़े करीब 37 मामले दर्ज हैं. इनमें से नौ मामलों में वह लंबे समय से फरार बताया जा रहा था. इन आरोपों पर आगे की कानूनी प्रक्रिया संबंधित पुलिस थानों में जारी रहेगी.
