लखनऊ से सऊदी अरब के दम्मम जा रही IndiGo की उड़ान 6E97 को गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. विमान शाम करीब 5:45 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा.

अहमदाबाद पुलिस के अनुसार, चालक दल के एक सदस्य को विमान में कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर ‘Bomb’ लिखा था. विमान में 107 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे. सभी को सुरक्षित उतारकर टर्मिनल 2 ले जाया गया.

इसके बाद स्थानीय पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और Special Operations Group (SOG) ने विमान की विस्तृत जांच की. सीटों, केबिन, सामान और कार्गो की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला.

अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है. यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.