गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के पाटडी तालुका में मालवण टोल नाके के पास विरमगाम-ध्रांगध्रा स्टेट हाईवे पर खड़े ट्रक से एक एंबुलेंस टकरा गई. हादसे में एंबुलेंस चालक कनुभाई रबारी गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कनुभाई रबारी एक मरीज को अहमदाबाद सिविल अस्पताल छोड़ने के बाद एंबुलेंस से भुज लौट रहे थे. वह गांधीधाम-कच्छ-भुज स्थित एक अस्पताल में एंबुलेंस चालक के तौर पर काम करते थे. उनका मूल निवास वाव-थराद जिले के भाभर तालुका के वजापुर गांव में बताया गया है और वर्तमान में वह मोरबी जिले के टंकारा तालुका के नागडावास गांव में रहते थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा तड़के उस समय हुआ जब सड़क के बीच डिवाइडर के पास एक ट्रक खड़ा था. आरोप है कि ट्रक के पास किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी का निशान नहीं लगाया गया था. एंबुलेंस ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी, जिससे उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
टक्कर में कनुभाई के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं. उन्हें पहले विरमगाम सरकारी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें अहमदाबाद के सोला सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. मृतक के पिता गजाभाई सवदासभाई रबारी की शिकायत पर बजाणा पुलिस ने मामला दर्ज किया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
