गुजरात के महसाणा में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की गांधीनगर जोन टीम ने 204.86 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, जब्त मेफेड्रोन की कीमत 6.14 लाख रुपये से अधिक है, जबकि ड्रग्स और अन्य सामान समेत कुल बरामदगी 11.34 लाख रुपये से ज्यादा की है.
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई महसाणा रेलवे स्टेशन के सामने चामुंडा मोबाइल शॉप के पास की गई. ANTF अहमदाबाद और गांधीनगर जोन की संयुक्त टीमें इलाके में गश्त कर रही थीं. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि राजस्थान से एक व्यक्ति MD ड्रग्स लेकर पहुंचने वाला है और अहमदाबाद का एक व्यक्ति अपनी कार से वहां ड्रग्स लेने आएगा. इसके बाद टीम ने मौके पर निगरानी रखी और दोनों संदिग्धों को कार समेत पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान पुलिसकर्मी भी
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों की पहचान राजस्थान के जोधपुर निवासी भीखाराम दीपराम सियोल उर्फ बिश्नोई और अहमदाबाद के बापूनगर निवासी सूरजसिंह मांगूसिंह पुरोहित के रूप में हुई है. पुरोहित का मूल निवास राजस्थान के पाली में बताया गया है और वह ट्रैवल्स के कारोबार से जुड़ा है.
तलाशी के दौरान भीखाराम के पास से राजस्थान पुलिस का आधिकारिक पहचान पत्र मिलने की बात सामने आई. पुलिस का दावा है कि वह जोधपुर के मंडोर स्थित कमांडो ट्रेनिंग स्कूल में पुलिस कांस्टेबल (कमांडो) के पद पर तैनात है. इस मामले में उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है.
पुलिस पूछताछ में सप्लायर का नाम सामने आने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में भीखाराम ने दावा किया कि उसने यह मेफेड्रोन जोधपुर के भदासिया निवासी प्रकाश ढाका उर्फ जाट से 1.30 लाख रुपये में खरीदा था. इसके बाद उसने सूरजसिंह को कार लेकर महसाणा पहुंचने और ड्रग्स ले जाने के लिए कहा.
पुलिस ने प्रकाश ढाका को मामले में कथित मुख्य सप्लायर बताया है. वह फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाश जारी होने की जानकारी दी गई है. आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत कार्रवाई की जा रही है. मामले में ड्रग्स की आपूर्ति और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच आगे की जाएगी.
