प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में ₹325 करोड़ की लागत से बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया. बनास डेयरी की ओर से विकसित यह केंद्र 127 एकड़ में फैला है. इसे नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की तकनीकी मदद और राष्ट्रीय गोकुल मिशन के सहयोग से तैयार किया गया है.

केंद्र में हर साल करीब 25 हजार उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए ओवम पिक-अप, इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन और एम्ब्रियो ट्रांसफर जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा. इसका उद्देश्य देसी पशु नस्लों की आनुवंशिक गुणवत्ता, दूध उत्पादन और पशुपालन की उत्पादकता बढ़ाना है.

परियोजना में कांकरेज, गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी गायों की नस्लों के साथ मेहसाणी, बन्नी, जाफराबादी और मुर्रा भैंसों पर भी ध्यान दिया जाएगा. किसानों को बेहतर नस्ल के बीमारी-मुक्त सांड, गुणवत्तापूर्ण वीर्य और भ्रूण किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की योजना है.

केंद्र का जोर कम संख्या में बेहतर गुणवत्ता वाले पशुओं से अधिक दूध उत्पादन पर है. इससे छोटे पशुपालकों और ग्रामीण महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है.