मोरबी के ओम शांति CBSC स्कूल और गुजराती माध्यम शाखा में फायर विभाग ने लाइव फायर मॉक ड्रिल और जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया. अभ्यास के दौरान स्कूल में आग लगने और चार बच्चों के फंसे होने की स्थिति का डेमो दिया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 12 सितंबर की सुबह फायर विभाग को स्कूल से आग लगने और चार बच्चों के फंसे होने की सूचना मिलने का अभ्यास किया गया. सूचना मिलते ही फायर टीम को सभी जरूरी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचते और बचाव अभियान चलाते दिखाया गया. जवानों ने आग बुझाने तथा चारों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का डेमो दिया. बाद में स्पष्ट किया गया कि यह वास्तविक घटना नहीं, बल्कि फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल थी.
इमरजेंसी में सुरक्षित निकासी की जानकारी
रेस्क्यू ऑपरेशन के प्रदर्शन के बाद फायर टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में उठाए जाने वाले कदम बताए. उन्हें आपात स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित रास्ते से बाहर निकलने और निर्धारित असेंबली पॉइंट पर एकत्र होने की प्रक्रिया समझाई गई.
प्रशिक्षण में 101 और 112 नंबर के जरिए फायर कंट्रोल रूम से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई. अधिकारियों ने यह भी बताया कि आपात स्थिति में फायर विभाग किस तरह कार्रवाई करता है. स्कूल प्रबंधन, स्टाफ और विद्यार्थियों ने मॉक ड्रिल तथा प्रशिक्षण को उपयोगी बताया.
