मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में हाई-स्पीड ट्रेनों की सुरक्षा और यात्रा आराम को ध्यान में रखते हुए मूवेबल क्रॉसिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रेल नेटवर्क में इस तरह के स्विंग-नोज क्रॉसिंग वाले हाई-स्पीड टर्नआउट का इस्तेमाल पहली बार किया जा रहा है. यह व्यवस्था 320 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड को ध्यान में रखकर तैयार की गई है.

यह तकनीक दक्षिण गुजरात के सूरत और वापी से जुड़े रेलखंड के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां भविष्य में हाई-स्पीड ट्रेन सेवा शुरू होनी है. पारंपरिक फिक्स्ड क्रॉसिंग में रेल के बीच एक निश्चित गैप रहता है. तेज रफ्तार से ट्रेन गुजरने पर इस गैप के कारण पहिए और रेल के बीच झटका, कंपन और शोर बढ़ सकता है. इससे पहियों और रेल के हिस्सों पर घिसाव भी बढ़ने की आशंका रहती है.

मूवेबल क्रॉसिंग में क्रॉसिंग नोज भी स्विच रेल के साथ चलता है. इससे टर्नआउट के पूरे हिस्से में पहियों को लगातार और गैप-रहित रेल सतह मिलती है. इसके परिणामस्वरूप ट्रेन का गुजरना अधिक सुगम हो सकता है और यात्रियों को अपेक्षाकृत आरामदायक यात्रा मिल सकती है.

दो स्वतंत्र मशीनों से लॉकिंग

हाई-स्पीड टर्नआउट में दो स्वतंत्र पॉइंट मशीनें लगाई गई हैं. पहली मशीन स्विच रेल को निर्धारित स्थिति में ले जाकर लॉक करेगी, जबकि दूसरी मूवेबल क्रॉसिंग नोज को सही स्थिति में लाकर लॉक करेगी. सिग्नलिंग इंटरलॉकिंग सिस्टम से रूट सेट करने का आदेश मिलने के बाद दोनों मशीनें समन्वय के साथ काम करेंगी.

ट्रेन को टर्नआउट से गुजरने की अनुमति तभी मिलेगी, जब दोनों मशीनों की स्थिति और लॉकिंग की पुष्टि हो जाएगी. 320 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के कारण पॉइंट मशीनों में मिलीमीटर स्तर की सटीकता और अधिक पार्श्व बल सहने वाली लॉकिंग व्यवस्था जरूरी है. स्विच रेल और मूवेबल क्रॉसिंग की स्थिति का स्वतंत्र रूप से पता लगाया जाएगा. सभी जांचों में टर्नआउट के सही ढंग से सेट और लॉक होने की पुष्टि के बाद ही ट्रेन के लिए रूट जारी किया जाएगा.