मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित Jio World Plaza में कथित फर्जी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) पहचानपत्र दिखाकर प्रवेश की कोशिश के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय रोहन परिख और 49 वर्षीय दिलीप कुंडे के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, कुंडे के पास गोलियों से भरी रिवॉल्वर भी मिली.

यह कार्रवाई 7 सितंबर को हुई, जबकि अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉल के पास स्थित Nita Mukesh Ambani Cultural Centre में एक कार्यक्रम में शामिल होना था. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कार से मॉल में जाना चाहते थे. सुरक्षा कर्मचारियों ने रिवॉल्वर के साथ प्रवेश देने से इनकार किया, जिसके बाद बहस शुरू हुई.

बहस के दौरान परिख ने खुद को PMO का अधिकारी बताया और कथित तौर पर डिजिटल पहचानपत्र दिखाया. पुलिस का कहना है कि परिख और कुंडे के साथ प्रथमेश बागुल नाम का एक अन्य व्यक्ति भी था. तीनों ने मॉल में प्रवेश के बाद परफ्यूम और वॉलेट खरीदे और वहां से चले गए. बागुल अभी फरार है.

पुलिस कर रही कई पहलुओं की जांच

पूछताछ में परिख ने कथित तौर पर कहा कि वह अपने परिवार पर प्रभाव डालना चाहता था और यह दिखाना चाहता था कि वह कोई महत्वपूर्ण काम कर रहा है. हालांकि, पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह विश्वसनीय नहीं माना है और अन्य संभावित उद्देश्यों की जांच की जा रही है.

पुलिस को संदेह है कि कथित डिजिटल PMO पहचानपत्र AI टूल की मदद से तैयार किया गया हो सकता है. इसकी तकनीकी जांच जारी है. परिख ने 2024 में PMO में भूमिका के चयन से संबंधित एक ईमेल मिलने का भी दावा किया है; पुलिस इस दावे की पुष्टि कर रही है.

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है.