गुजरात के नडियाद रेलवे स्टेशन पर बुलेयन कंपनी के कर्मचारी से कथित तौर पर 2.70 किलो सोने के आभूषणों से भरा बैग छीनने के मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों की कीमत करीब ₹3.70 करोड़ है.

पुलिस के मुताबिक, कोलकाता की ग्रो मोर बुलेयन कंपनी का कर्मचारी भरतभाई चौधरी हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस से सोने के आभूषण लेकर आया था. नडियाद रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर चार लोगों ने उसे धक्का दिया और बैग लेकर भाग गए. आरोपियों के टियागो कार से भागने की बात सामने आई. कर्मचारी ने कार की तस्वीर खींच ली थी और एक संदिग्ध की पहचान भी बताई थी.

इसके बाद रेलवे पुलिस ने कार का नंबर और संदिग्ध की जानकारी स्टेट कंट्रोल रूम को भेजी. नडियाद से बनासकांठा जाने वाले मार्गों और अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस को अलर्ट किया गया. पुलिस को आशंका थी कि आरोपी साणंद-नलसरोवर मार्ग से वीरमगाम होते हुए आगे निकल सकते हैं.

पुलिस के अनुसार, वीरमगाम के खोरज के पास बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार में सवार सावन चौधरी को पकड़ा गया. पूछताछ के आधार पर टियागो कार का पता लगाया गया, जिसमें तीन अन्य संदिग्ध—आकाश प्रजापति, किरण चौधरी और दशरथ प्रजापति—मिले.

पुलिस का दावा है कि पीछा करने के दौरान निरीक्षक एस.एस. गढ़वी टियागो कार के दरवाजे से करीब 500 मीटर तक लटके रहे और वाहन का हैंडब्रेक खींचकर उसे रोकने में सफल हुए. पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई करीब तीन घंटे चली. सभी संदिग्धों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है. उन्हें नडियाद रेलवे पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई है.

पुलिस के अनुसार, सावन पहले संबंधित बुलेयन कंपनी में काम कर चुका था और उसे सोने की आवाजाही की जानकारी थी. पूछताछ में चार महीने पहले लूट की योजना बनाने की बात सामने आने का दावा किया गया है. इन दावों की पुष्टि आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया में होगी.