गुजरात भाजपा ने प्रदेश युवा मोर्चा के नए अध्यक्ष की नियुक्ति की है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने डॉ. नरेश देसाई को यह जिम्मेदारी सौंपी है. 15 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
नरेश देसाई पिछले दो कार्यकाल से गुजरात भाजपा युवा मोर्चा में महामंत्री के रूप में काम कर रहे थे. अब उन्हें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. यह पद पूर्व अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी के राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी संभालने के बाद खाली हुआ था.
ABVP से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर
देसाई ने अपने राजनीतिक और संगठनात्मक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी. वे अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी में छात्र संगठन से जुड़े रहे और विद्यार्थी हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी टीम के साथ आंदोलनों में भाग लिया.
छात्र जीवन के बाद उन्होंने भाजपा के युवा मोर्चा में जिम्मेदारी संभाली. नियुक्ति के बाद अब गुजरात में भाजपा के युवा संगठन की कमान उनके पास होगी. पार्टी के अनुसार, युवा मोर्चा के सामने युवाओं को संगठन से जोड़ने, विद्यार्थी मुद्दों पर काम करने और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी रहेगी.
