गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद नरहरि अमीन को नई दिल्ली में सांसद रत्न पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें संसद में जनहित से जुड़े सवाल उठाने और संसदीय कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए दिया गया.
यह समारोह 9 सितंबर 2026 को Prime Point Foundation की ओर से आयोजित 16वें सांसद रत्न पुरस्कार समारोह के दौरान हुआ. कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने की.
अमीन का चयन 18वीं लोकसभा के 2025-26 के बजट सत्र तक संसद में पूछे गए सवालों, विभिन्न विधेयकों पर चर्चाओं में भागीदारी और लोकहित के मुद्दों को उठाने के आधार पर किया गया.
12 सांसदों को मिला सम्मान
समारोह में नरहरि अमीन समेत देश के 12 सांसदों को पुरस्कृत किया गया. इनके अलावा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोरभाई मकवाणा और संसद की चार उत्कृष्ट स्थायी समितियों को भी सम्मानित किया गया.
कृषि समिति, वित्तीय समिति, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज समिति तथा कोयला एवं खान समिति को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार दिया गया.
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई, ज्यूरी समिति के अध्यक्ष हंसराज जी. आहिर और सांसद भर्तृहरि महताब समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे.
सांसद रत्न पुरस्कारों की यह परंपरा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की प्रेरणा से वर्ष 2010 में शुरू हुई थी. Prime Point Foundation के अनुसार, इसका उद्देश्य संसदीय कार्यों में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है.
समारोह में संसदीय प्रक्रियाओं और सांसदों के कामकाज पर आधारित पुस्तक ‘The Journey of Sansad Ratnas 2026’ समेत विशेष पुस्तकों का विमोचन भी किया गया.
