केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने National Maritime Games 2027 के आधिकारिक ब्रोशर का अनावरण किया. यह आयोजन पहली बार 5 से 12 जनवरी 2027 तक गुजरात की गणपत यूनिवर्सिटी में होगा. खेलों की थीम “Games of the Sea, Spirit of Courage” रखी गई है, जिसका हिंदी भावार्थ “सागर का खेल, साहस का मेल” है.

ब्रोशर का अनावरण गांधीनगर की GIFT City में आयोजित India Ship Leasing and Financing Summit के दौरान हुआ. इस सम्मेलन का आयोजन International Financial Services Centres Authority (IFSCA) ने Ministry of Ports, Shipping and Waterways के सहयोग से किया था. सम्मेलन में नीति-निर्माताओं के साथ शिपओनर्स, लीजर्स, चार्टर्स, फाइनेंसर्स और समुद्री क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों ने हिस्सा लिया. चर्चा का केंद्र भारत में शिप ओनरशिप, शिप लीजिंग और मैरीटाइम फाइनेंस इकोसिस्टम को मजबूत करना रहा.

28 खेलों और कौशल स्पर्धाओं का मंच

आयोजकों के अनुसार, National Maritime Games में फिलहाल 28 खेलों और कौशल-आधारित प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है. इनमें पारंपरिक खेलों के साथ मैरीटाइम कौशल प्रतियोगिताएं और पैरा-स्पोर्ट्स भी होंगे. यह आयोजन नाविकों, बंदरगाहों, शिपिंग कंपनियों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, मैरीटाइम ट्रेनिंग संस्थानों, शिपयार्ड, RPSL, लॉजिस्टिक्स संगठनों, विश्वविद्यालयों, पूर्व कर्मचारियों और मैरीटाइम परिवारों को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.

कार्यक्रम में महिलाओं और पैरा-एथलीट्स की भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है. आयोजकों का कहना है कि खेलों के जरिए फिटनेस, टीमवर्क, नेतृत्व, लचीलापन, पेशेवर सहयोग और समुद्री क्षेत्र से जुड़ी पहचान को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा.

कैडेट्स से मिले केंद्रीय मंत्री

कार्यक्रम के दौरान सोनोवाल ने गणपत यूनिवर्सिटी के युवा मैरीटाइम कैडेट्स से मुलाकात की. उन्होंने समुद्री पेशे को चुनने के लिए कैडेट्स को बधाई दी और आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण तथा पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ करियर आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया.

गणपत यूनिवर्सिटी को आठ दिवसीय आयोजन का मेजबान बनाया गया है. विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स, स्विमिंग, इंडोर स्पोर्ट्स और अन्य खेल सुविधाओं को आयोजन के लिए उपयुक्त बताया गया है. कार्यक्रम में सरकार, मैरीटाइम प्रशासन, गुजरात के बंदरगाह विभाग, GMB, विश्वविद्यालय और शिपिंग-फाइनेंस क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही.