गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने नवसारी शहर और जिले में कुल ₹753 करोड़ से अधिक की 240 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया. इनमें 65 कार्यों का भूमिपूजन, 154 कार्यों का शिलान्यास और 21 पूरे हो चुके प्रोजेक्ट का उद्घाटन शामिल है.

भूमिपूजन किए गए 65 कार्यों की अनुमानित लागत ₹389.20 करोड़ है. इसके अलावा ₹248.30 करोड़ की लागत वाले 154 कार्यों की आधारशिला रखी गई, जबकि लगभग ₹115.86 करोड़ के 21 पूर्ण प्रोजेक्ट जनता को समर्पित किए गए.

इन परियोजनाओं में सड़क एवं भवन विभाग के तहत ₹336 करोड़ के कार्य शामिल हैं. सड़क एवं भवन पंचायत विभाग के कार्यों की लागत ₹95.39 करोड़ और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से जुड़े कार्यों की लागत ₹73.69 करोड़ बताई गई है. नवसारी नगर निगम के तहत ₹69 करोड़ के प्रोजेक्ट भी इस पैकेज का हिस्सा हैं.

सड़क एवं भवन राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के ₹63 करोड़, नर्मदा, जल संसाधन, जलापूर्ति एवं कल्पसर विभाग के ₹91 करोड़ और गणदेवी नगरपालिका के ₹10 करोड़ के कार्य भी शुरू किए गए. गुजरात स्टेट पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के ₹10 करोड़ के कार्यों तथा शिक्षा विभाग की ₹5.14 करोड़ की परियोजनाओं का भी उद्घाटन या शिलान्यास किया गया.

मुख्यमंत्री ने आदिवासी युवाओं को उनके क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘वनबंधु कौशलवर्धन रोजगार योजना’ की शुरुआत भी नवसारी से की.

कार्यक्रम में पटेल ने कहा कि नवसारी में नए प्रोजेक्ट के लिए आरसीसी सड़कों का निर्माण शुरू हुआ है. उनके मुताबिक, अधिक बारिश वाले इस क्षेत्र में आरसीसी सड़कें आवागमन और परिवहन में राहत देंगी. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने नवसारी को नगर निगम का दर्जा देकर स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की है.