गुजरात के नवसारी रेलवे स्टेशन परिसर की कचरे की पेटी से मिली नवजात बच्ची को कानूनी दत्तक प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक दंपती को ‘प्री-एडॉप्शन फोस्टर केयर’ के तहत सौंपा गया. यह जानकारी स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के आधार पर सामने आई है. बच्ची का नाम उसकी पहचान की सुरक्षा के लिए बदलकर ‘खुशी’ बताया गया है.

रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची जन्म के करीब दो दिन बाद लावारिस हालत में मिली थी. उसके संरक्षण और सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए उसे किशोर न्याय अधिनियम, 2015 और CARA गाइडलाइंस, 2022 के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया. इसके बाद उसे चिखली के खूँध स्थित स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी में सुरक्षित रखा गया.

बच्ची की मां की तलाश पूरी होने के बाद नियमानुसार सरेंडर प्रक्रिया अपनाई गई. निर्धारित दो महीने की अवधि पूरी होने पर बाल कल्याण समिति ने बच्ची को दत्तक ग्रहण के लिए कानूनी रूप से मुक्त घोषित किया.

मिशन वात्सल्य पोर्टल के जरिए सेंट्रल एडॉप्शन रिसोर्स अथॉरिटी (CARA) में पंजीकृत एक योग्य दंपती ने बच्ची का चयन किया. एडॉप्शन मैचिंग कमिटी की मंजूरी के बाद उसे दंपती को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई. नवसारी के कलेक्टर मनीष गुरवानी ने बच्ची के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

भारत में कानूनी रूप से बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया

भारत में बच्चा गोद लेने के इच्छुक लोगों को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत काम करने वाली CARA की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होता है. आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद जिला बाल संरक्षण इकाई आवेदक दंपती का होम स्टडी रिपोर्ट तैयार करती है.

नियमानुसार वरिष्ठता और अन्य पात्रता मानदंडों के आधार पर बच्चे का मिलान किया जाता है. दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया संबंधित कानूनी प्रावधानों और सक्षम प्राधिकारी के आदेश के तहत पूरी की जाती है.