गुजरात के नवसारी जिले के वांसदा तालुका स्थित भीनार गांव में घर के आंगन में खेल रहे ढाई वर्षीय बच्चे की तेंदुए के हमले में मौत हो गई. परिवार और ग्रामीणों की तलाश के बाद बच्चे का शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल क्षेत्र में मिला. शव क्षत-विक्षत हालत में बताया गया है.

मृतक की पहचान अरुण पटेल के बेटे आरव पटेल के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बच्चा आंगन में खेल रहा था, तभी जंगल की ओर से आए तेंदुए ने उस पर हमला किया और उसे उठाकर जंगल की तरफ ले गया. बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने तलाश शुरू की और वन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी.

रात में वन विभाग और ग्रामीणों ने चलाया तलाशी अभियान

वांसदा पूर्व और पश्चिम वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों और वनकर्मियों ने मशाल, टॉर्च और लकड़ियों के सहारे अंधेरे में जंगल क्षेत्र में तलाश की. कई घंटे की खोजबीन के बाद बच्चे का शव बरामद हुआ. उसे वांसदा कॉटेज अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई.

धरमपुर-वापी नॉर्थ फॉरेस्ट डिविजन के सहायक वन संरक्षक बगीरथसिंह जाला के अनुसार, बच्चे के शव का पोस्टमार्टम और पंचनामा संबंधी कार्रवाई की जा रही है. दस्तावेज मिलने के बाद परिवार को वन विभाग की ओर से मिलने वाली सहायता और मुआवजा देने का प्रयास किया जाएगा.

वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित की हैं और जंगल क्षेत्र में 10 से अधिक पिंजरे लगाए हैं. इलाके में गश्त बढ़ाई गई है. ग्रामीणों को तेंदुआ पकड़े जाने तक रात में घर से बाहर न निकलने की सावधानी बरतने को कहा गया है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पहले भी तेंदुए की आवाजाही की शिकायत किए जाने का दावा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.