गुजरात के नवसारी जिले के बिलीमोरा में 11 नवंबर 2025 को State Monitoring Cell (SMC) और कथित अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों के बीच फायरिंग हुई. पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के ऋषभ अशोक शर्मा उर्फ ‘रावण’, हरियाणा के यशसिंह सुंदरसिंह तथा राजस्थान के मनोज उर्फ मनीष कलूराम कुमावत और मदन गोपीराम कुमावत के रूप में हुई. पुलिस का दावा है कि यशसिंह ने आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद SMC टीम पर दो गोलियां चलाईं. इसके जवाब में पुलिस निरीक्षक सीएच पनारा ने गोली चलाई, जिसमें यशसिंह घायल हुआ.

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन देसी पिस्तौल और 27 जिंदा कारतूस बरामद करने की बात कही है. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी हथियारों की कथित तस्करी और अन्य अपराधों की योजना से जुड़े हो सकते हैं. मामले में Arms Act और हत्या के प्रयास समेत धाराओं में कार्रवाई की गई है. पुलिस गिरोह के गुजरात और अन्य राज्यों में नेटवर्क की जांच कर रही है.