नवसारी जिले के गणदेवी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर चेकिंग के दौरान चार ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों को शराब के साथ पकड़े जाने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर कार्रवाई रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात LCB जवान से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है.

यह कार्रवाई 17 अक्टूबर 2026 को नवसारी पुलिस की विशेष चेकिंग के दौरान हुई. पुलिस के अनुसार, मुंबई से अहमदाबाद जा रही लेन में एंधल गांव की सीमा के पास ‘Applied for Registration’ लिखी नंबर प्लेट वाली सफेद Swift Dzire कार को संदेह के आधार पर रोका गया. तलाशी में भारतीय निर्मित विदेशी शराब की बोतलें और बीयर टिन मिले. कार में सवार लोग नशे में बताए गए हैं.

पुलिस का कहना है कि LCB कॉन्स्टेबल ताहिरअली शहाबुद्दीन ने जब कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. लाठी से हमला करने का भी आरोप है. इसके बाद आरोपियों ने कार से भागने की कोशिश की, लेकिन सूचना मिलने पर दूसरी टीम ने वेस्मा नाज होटल के पास नाकाबंदी की और पीछा कर सभी को पकड़ लिया.

पकड़े गए लोगों में अंकित देवड़ा, पिंटू डुंगाइसा, दिता चौहान और राहुलकुमार ध्रांगी शामिल हैं, जो सूरत शहर की ट्रैफिक शाखा में कार्यरत बताए गए हैं. पांचवें आरोपी की पहचान देव aराज रबारी के रूप में हुई है, जो निजी व्यक्ति बताया गया है.

पुलिस के अनुसार, कुल 5,60,618 रुपये का सामान जब्त किया गया. इसमें 35.550 लीटर शराब और बीयर की 64 इकाइयां, करीब पांच लाख रुपये की कार, एक लाठी और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं. गणदेवी थाने में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ प्रोहिबिशन, मोटर व्हीकल और गुजरात पुलिस कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की जांच PSI एन.ए. पटेल को सौंपी गई है.