गुजरात के पंचमहल जिले में ‘मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0’ के तहत राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत हो गई है. यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा. कार्यक्रम की तैयारियों और समन्वय की समीक्षा के लिए जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ICDS शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक हुई.
‘आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर जोर
इस वर्ष की थीम ‘आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है. बैठक में कहा गया कि पोषण अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि इसे पूरे समाज का जनआंदोलन बनाने की दिशा में काम किया जाए. इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया.
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर तालुका स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना है.
बैठक में पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां संचालित करने का मार्गदर्शन दिया गया. अधिकारियों को अभियान की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में ICDS के प्रोग्राम ऑफिसर, उप जिला विकास अधिकारी, मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आयुर्वेद अधिकारी और सभी तालुकों के बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
