गुजरात के पाटण और बनासकांठा जिलों की सीमा से गुजरने वाली बनास नदी में रेत की करीब 250 लीज 10 साल की अवधि पूरी होने के बाद बंद कर दी गई हैं. सरकारी निर्देश के बाद इन लीज से जुड़ी मशीनरी हटाने को कहा गया है. भूविज्ञान एवं खनिज विभाग ने 30 सितंबर 2026 से अवधि पूरी कर चुकी सभी लीज से मशीनरी हटाने की सख्त हिदायत दी थी.

लीज बंद होने से बाजार में रेत की आपूर्ति प्रभावित हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रति टन रेत की कीमत में 80 से 100 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इन क्षेत्रों से रोजाना करीब 1,500 टर्बो और ट्रक रेत लेकर उत्तर गुजरात, अहमदाबाद, गांधीनगर, सौराष्ट्र और राजस्थान के विभिन्न शहरों तक जाते थे.

अब सरकार पुरानी प्रक्रिया के बजाय ऑनलाइन नीलामी के जरिए रेत के ब्लॉक आवंटित करेगी. प्रक्रिया पूरी होने और नई लीज शुरू होने में एक महीने से अधिक समय लगने का अनुमान है. इस दौरान बाजार में कमी बनी रहने की आशंका है.

रेत परिवहन से जुड़े कारोबारियों ने कहा है कि नीलामी में प्रोसेसिंग फीस पहले की तुलना में 20 गुना बढ़ गई है और ब्लॉक हासिल करने के लिए बड़ी रकम लगानी होगी. उनका कहना है कि ऊंची बोली के बाद रेत की कीमतें बढ़ सकती हैं, जिसका असर घर बनाने और अन्य निर्माण कार्यों की लागत पर पड़ेगा. राज्य की रेत आपूर्ति में पाटण-बनासकांठा क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत बताई गई है.