गुजरात के पाटन जिले के सामी तालुका स्थित वेद गांव में घर के पास खेलते समय पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. खेलते हुए पैर फिसलने पर वह जमीन पर गिरा और वहां लगी खुली लोहे की सरिया उसके मुंह में घुस गई. हादसे के बाद बच्चे के मुंह से काफी खून बहने लगा.

परिजनों ने तुरंत 108 आपातकालीन सेवा को फोन किया और बच्चे को राधनपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया. जांच में डॉक्टरों ने पाया कि सरिया दांतों और जबड़े के पास गहराई तक फंसी हुई थी. संवेदनशील स्थिति को देखते हुए अस्पताल की टीम ने एक निजी दंत चिकित्सक की मदद ली.

डॉक्टरों ने करीब 40 मिनट तक जटिल प्रक्रिया के बाद सरिया को बाहर निकाला. चिकित्सा दल ने जबड़े और आसपास के ऊतकों को नुकसान से बचाते हुए ऑपरेशन पूरा किया. उपचार के बाद बच्चे की हालत में सुधार बताया गया.

दंत चिकित्सक डॉ. डीएस सोढ़ा ने अभिभावकों से अपील की कि खुले इलाकों और आवासीय परिसरों में खेलते समय छोटे बच्चों पर विशेष नजर रखें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.