गुजरात के पाटन तालुका स्थित महेमदपुर गांव में राज्यपाल आचार्य देवव्रत की मौजूदगी में रात्रि ग्रामसभा आयोजित की गई. प्राथमिक विद्यालय में हुई सभा में राज्यपाल ने ग्रामीणों से गांव के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि गांव का वास्तविक विकास केवल भौतिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि एकता, स्वच्छता, संस्कार और सामूहिक जिम्मेदारी से होता है. उन्होंने बिजली, स्वास्थ्य, सड़क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेती तथा पशुपालन के जरिए ग्रामीण आय बढ़ाने पर जोर दिया.
राज्यपाल ने समरस सरपंच और ग्रामीणों की टीम बनाकर खेल मैदान, अमृत सरोवर, बगीचे, पौधारोपण, प्रभात फेरी और स्वच्छता जैसी गतिविधियां शुरू करने का सुझाव दिया. उनका कहना था कि इन प्रयासों से गांव का वातावरण और स्वरूप बेहतर बनाया जा सकता है.
प्राकृतिक खेती और पशुपालन पर जोर
आचार्य देवव्रत ने रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल से मिट्टी और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले कथित प्रतिकूल प्रभावों को लेकर चिंता जताई और प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया. उन्होंने गुरुकुल कुरुक्षेत्र के 35 वर्षों के अनुभव का उल्लेख करते हुए देशी गायों के संरक्षण और वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को बढ़ावा देने की बात कही.
उन्होंने ग्रामीणों से रियायती दर पर उपलब्ध सेक्स-सॉर्टेड सीमेन का लाभ लेकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी विचार करने को कहा.
शिक्षा और कौशल विकास पर अपील
राज्यपाल ने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि कम पढ़े-लिखे युवा आईटीआई और कौशल विकास पाठ्यक्रमों के जरिए व्यावसायिक प्रशिक्षण लेकर रोजगार के अवसर हासिल कर सकते हैं.
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रमुख ने महेमदपुर में घर-घर कचरा संग्रह के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की. सभा में तालुका पंचायत प्रमुख जीना पटेल, कलेक्टर डॉ. प्रशांत जिलुवा, जिला विकास अधिकारी सी.एल. पटेल, जिला पुलिस अधीक्षक वी.के. नाई, सरपंच रोहित देसाई समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे.
