गुजरात के पाटण जिला पुलिस मुख्यालय में वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत के दौरान बनासकांठा रेंज की आईजी परीक्षिता राठौड़ ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को अपराध की रोकथाम, जांच और दोषसिद्धि पर केंद्रित रणनीति अपनाने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरमोनियल परेड, दंगा नियंत्रण अभ्यास और मॉकड्रिल का जायजा लिया. इसके बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने नशीले पदार्थों और साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर दिया.
आईजी राठौड़ के अनुसार, पाटण पुलिस का अपराधों का पता लगाने का काम अच्छा है, लेकिन राज्य में अपराध साबित होने की दर करीब 19 से 20 प्रतिशत है. उन्होंने कहा कि आरोपियों को सजा दिलाने के लिए जांच और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में कमियों को दूर करना जरूरी है.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल सीसीटीवी फुटेज जुटाना पर्याप्त नहीं है. अदालत में अपराध साबित करने के लिए बॉडी मैपिंग और कानूनी प्रक्रियाओं का सही तरीके से इस्तेमाल भी जरूरी है.
युवाओं को नशे के चक्र से बचाने के लिए नारकोटिक्स मामलों पर अधिक ध्यान देने का निर्देश दिया गया. साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ‘शी टीम’ को जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया.
