प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया. यह केंद्र देसी पशु नस्लों की गुणवत्ता सुधारने और दूध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है.
बनास डेयरी द्वारा विकसित यह केंद्र 127 एकड़ में फैला है और इसे 325 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. केंद्र को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड से तकनीकी मार्गदर्शन मिला है, जबकि केंद्र सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत इसे समर्थन दिया गया है.
इन नस्लों पर रहेगा फोकस
केंद्र में इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन और भ्रूण प्रत्यारोपण जैसी आधुनिक प्रजनन तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा. इसका लक्ष्य हर साल 25,000 उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करना है. यहां कांकरेज, गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी देसी गाय नस्लों के साथ मेहसाणा, बन्नी, जाफराबादी और मुर्रा भैंस नस्लों पर भी काम किया जाएगा.
सरकार के मुताबिक, पशुपालकों को उच्च गुणवत्ता वाला सीमेन, भ्रूण और अन्य प्रजनन सेवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी. इस पहल का उद्देश्य कम पशुओं से अधिक दूध उत्पादन हासिल करने में मदद करना है. बढ़ती पशुपालन लागत और चारे की उपलब्धता में कमी के बीच इसे किसानों के लिए उपयोगी बताया गया है.
प्रधानमंत्री ने केंद्र का दौरा कर अधिकारियों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली. इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और बनास डेयरी के अध्यक्ष एवं गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी भी मौजूद रहे. गुजरात यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री बनास डेयरी की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करने वाले हैं.
