प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात के अंबाजी मंदिर में 14 नवंबर को प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है. यह कार्यक्रम लाभ पंचम के अवसर पर निर्धारित था. बनासकांठा कलेक्टर की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, सरकार के निर्देश पर कार्यक्रम को अगले आदेश तक टाल दिया गया है.

प्रेस नोट में कार्यक्रम स्थगित करने का कारण प्रशासनिक बताया गया है. अंबाजी मंदिर में छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद थी. शनिवार को भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना जताई गई थी. ऐसे में श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में बदलाव किया गया है.

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री 13 नवंबर की रात अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचने वाले हैं. इसके बाद वे गांधीनगर जाएंगे और लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगे. हालांकि, 14 नवंबर को अंबाजी जाकर दर्शन और पूजा करने की योजना अब स्थगित कर दी गई है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री का गुजरात दौरा पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है. केवल अंबाजी मंदिर से जुड़ा कार्यक्रम अगले आदेश तक टाला गया है. नई तारीख या संशोधित कार्यक्रम के बारे में आधिकारिक सूचना की प्रतीक्षा है.