एकता नगर, गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर परेड ग्राउंड में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि विपक्ष अब ‘विरोधी पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है. प्रधानमंत्री ने देश की एकता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया.
मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोगों को बांटने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने विदेशों में भारत-विरोधी ताकतों से कथित संपर्क और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए. प्रधानमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, अफवाहें फैलाई जा रही हैं और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है.
अपने संबोधन में उन्होंने नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को ‘दिमागी नक्सलियों’ के खतरे से भी सावधान रहना होगा. उन्होंने सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित करने, घुसपैठ रोकने और समान नागरिक संहिता की दिशा में आगे बढ़ने को देश के अगले बड़े कदमों में शामिल बताया.
एकता नगर में 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने पर्यटन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इनकी लागत ₹307.83 करोड़ बताई गई है. इसके अलावा ₹118.88 करोड़ की आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई. इस तरह 31 परियोजनाओं का कुल वित्तीय आकार ₹426.71 करोड़ है.
इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास पर्यटक सुविधाओं और नागरिक बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना है. उद्घाटित प्रमुख परियोजनाओं में ₹50 करोड़ की लागत से बना IRCTC होटल, ₹16 करोड़ का एकता क्रूज, ₹14.30 करोड़ का रेनफॉरेस्ट आकर्षण और ₹3.67 करोड़ की लागत वाला इको-ट्रेल शामिल है. कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की.
