प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा में ₹14,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, वह भिलड़ी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर तथा उसकी ET-IVF प्रयोगशाला भी देखेंगे.
कार्यक्रम में अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A के एयरपोर्ट विस्तार और फेज-2B के GIFT City विस्तार की आधारशिला रखी जाएगी. अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार लेन से आठ लेन करने की योजना भी शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत करीब ₹2,600 करोड़ बताई गई है.
कृषि क्षेत्र में कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरे हुए 521 प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे. इनमें कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो और प्रसंस्करण सुविधाएं शामिल हैं. सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब ₹4,950 करोड़ है.
प्रधानमंत्री 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे और 361 तैयार केंद्रों का उद्घाटन करेंगे. इस पहल पर ₹800 करोड़ निवेश का अनुमान है. अहमदाबाद-साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बीचाराजी-साबरमती MEMU ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी.
प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को एकता नगर में ₹400 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे.
