प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ बैठक कर कुछ प्रमुख निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. अधिकारियों के हवाले से आई मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई.
बैठक में ढोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन, अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम के पुनर्विकास तथा 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद प्रधानमंत्री गुजरात से रवाना हो गए.
प्रधानमंत्री शुक्रवार देर शाम अहमदाबाद पहुंचे थे और वहां से गांधीनगर के लोक भवन गए, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया. प्रधानमंत्री ने लोक भवन में रात्रि विश्राम किया.
उनका शनिवार को बनासकांठा जिले के अंबाजी मंदिर जाने का कार्यक्रम पहले तय था. राज्य सरकार ने गुरुवार रात इस दौरे के रद्द होने की सूचना दी थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लाभ पंचम के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया.
