प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे का दूसरा दिन 31 अक्टूबर 2026 को एकतानगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोहों के नाम रहेगा. आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 9 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे.

इसके बाद करीब 9:15 बजे एकतानगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया जाएगा. इनमें सीवेज और जल उपचार संयंत्र, फेसाड लाइटिंग, नर्मदा घाट का उन्नयन, IRCTC होटल तथा Rainforest, Unity और Eco Trail जैसी परियोजनाएं शामिल हैं.

प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी भाग लेंगे. समारोह में एकता परेड आयोजित होगी, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की टुकड़ियां शामिल होंगी. इस वर्ष परेड में वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और शांति एवं विकास की दिशा में हुए बदलाव को प्रमुखता दी जाएगी.

कार्यक्रम में ‘नक्सल मुक्त भारत’ पर विशेष नाट्य प्रस्तुति और देशभर के कलाकारों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. एकतानगर में आयोजित भारत पर्व 15 नवंबर तक चलेगा.