प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. मोदी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री एकता नगर के रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का दौरा भी करेंगे. इसके अलावा वे अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2A और फेज 2B की आधारशिला रखेंगे. फेज 2A की लंबाई छह किलोमीटर से अधिक होगी और इसमें कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं. फेज 2B की लंबाई 3.3 किलोमीटर से अधिक होगी, जिसमें गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन होंगे.
मोदी करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड यानी स्टेट हाईवे-41 को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड और मजबूत करने की परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे.
आंगनवाड़ी और कृषि परियोजनाएं
प्रधानमंत्री गुजरात में 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे. वे 361 पूरे हो चुके आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे. इस पहल में 800 करोड़ रुपये का निवेश बताया गया है और इससे चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने का दावा है.
इसके साथ ही वे एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी हुई 521 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इनकी कुल लागत करीब 4,950 करोड़ रुपये है. परियोजनाओं में कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस-ग्रीनहाउस, प्राथमिक व द्वितीयक प्रसंस्करण सुविधाएं और प्राथमिक प्रसंस्करण केंद्र शामिल हैं.
