प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 के दौरान जम्मू-कश्मीर पवेलियन का दौरा किया. यह आयोजन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विविधता, स्थानीय परंपराओं और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया है.
जम्मू-कश्मीर पवेलियन में पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, स्थानीय उत्पाद और पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रदर्शित की गई. अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को जम्मू क्षेत्र के बासोहली चित्रों, सुलाई शहद, लहसुन और राजमा के साथ कश्मीर के अखरोट, केसर, पश्मीना और कानी शॉल के बारे में जानकारी दी.
पवेलियन में कश्मीरी कढ़ाई की सोजनी कला का लाइव प्रदर्शन भी हुआ. इसके अलावा, संतूर वादन के जरिए क्षेत्र की संगीत परंपरा प्रस्तुत की गई. जम्मू-कश्मीर के उभरते पर्यटन स्थलों में पटनीटॉप, भद्रवाह, बासोहली-सर्थल, पंचारी, राजौरी-पुंछ की झीलों, गुरेज, बंगस और यूसमर्ग को प्रमुखता से दिखाया गया.
भारत पर्व 2026 का उद्घाटन एकता नगर में हुआ है और यह 15 नवंबर तक चलेगा. आयोजन में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोक परंपराओं, क्षेत्रीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटन आकर्षणों को मंच दिया जा रहा है.
