प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में ‘आनंद मठ’ नाटक की प्रस्तुति देखी. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता दिवस समारोहों की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा था.

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) की ओर से प्रस्तुत इस नाट्य रूपांतरण में करीब 300 कलाकार शामिल हुए. प्रस्तुति बैंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंद मठ’ पर आधारित थी.

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर हैं. इस दौरान एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है.

‘आनंद मठ’ के अलावा प्रधानमंत्री ने एकता नगर में ‘भारत पर्व’ के तहत आयोजित खाद्य और सांस्कृतिक उत्सव का भी अवलोकन किया. कार्यक्रम में हस्तशिल्प प्रदर्शनी और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल थीं. इसके बाद उन्होंने ‘एकता प्रकाश पर्व’ में भाग लिया और नर्मदा आरती में शामिल हुए.

31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने के बाद राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और एकता दिवस परेड में हिस्सा लेंगे.