गुजरात सरकार पोरबंदर जिले के मोचा गांव में मरीन बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च एंड इनोवेशन कॉरिडोर (M-BRIC) विकसित करने की योजना बना रही है. प्रस्तावित परियोजना पर पांच वर्षों में ₹100 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इसका उद्देश्य समुद्री जैविक संसाधनों से उच्च-मूल्य वाले उत्पाद तैयार करना और तटीय समुदायों के लिए नए रोजगार व आजीविका अवसर बनाना है.

यह पहल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तहत गुजरात स्टेट बायोटेक्नोलॉजी मिशन की अगुवाई में होगी. इसके लिए मिशन और CSIR-सेंट्रल साल्ट एंड मरीन केमिकल्स रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच समझौता प्रस्तावित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, MoU पर 9 अक्टूबर 2026 को भावनगर में हस्ताक्षर किए जाने हैं.

कॉरिडोर में समुद्री अनुसंधान, सीवीड खेती, तकनीकी विकास, पायलट-स्केल बायोमैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप इनक्यूबेशन और बाजार तक पहुंच की सुविधाएं जोड़ने की योजना है. सीवीड प्रोसेसिंग क्लस्टर में धुलाई, निष्कर्षण, सुखाने, पैकेजिंग और गुणवत्ता परीक्षण जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं.

सीवीड, माइक्रोएल्गी और समुद्री सूक्ष्मजीवों से बायोफर्टिलाइजर, न्यूट्रास्यूटिकल, कॉस्मेटिक, एक्वाफीड और अन्य जैव-आधारित उत्पाद विकसित करने पर जोर रहेगा. तटीय युवाओं, मछुआरा समुदायों, महिलाओं और उद्यमियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं.